छतरपुर में कार व बाइक की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल
पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के ठाकुरबाड़ी गांव के समीप गुरुवार को कर व बाइक में हुई टक्कर में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान ठाकुरबाड़ी गांव निवासी जितेंद्र कुमार यादव के पुत्र राजेश कुमार यादव व बिरेन्द्र यादव के पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है। दोनों युवक छतरपुर बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी।बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। बाइक पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल में दोनों का इलाज किया जा रहा है। इसकी सूचना मिलने पर जिला परिषद सदस्य फंटूश जायसवाल अस्पताल पहुंचे।घायलों का हाल जाना। उन्होंने परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।घटना के बाद छतरपुर थाना की पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार व बाइक को जब्त कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
