लातेहार के पतकी जंगल में किशोर को लगी गोली, रिम्स ले जाने के दौरान मौत; जांच में जुटी पुलिस
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, आशीष को रिम्स ले जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई।

लातेहार। लातेहार सदर थाना क्षेत्र के पतकी जंगल में रविवार को गोली लगने से 15 वर्षीय किशोर आशीष कुमार पासवान घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल किशोर को तत्काल सदर अस्पताल, लातेहार पहुंचाया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।आशीष कुमार पासवान सदर थाना क्षेत्र के परसाही गांव निवासी श्याम किशोर पासवान का पुत्र बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान, एसआई राहुल सिन्हा, एसआई कामता कुमार सहित पुलिस बल सदर अस्पताल पहुंचा और मामले की जानकारी ली। पुलिस घटना की परिस्थितियों और गोली लगने के कारणों की जांच कर रही है।इधर, परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, आशीष को रिम्स ले जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि बेंदी निवासी समीम के बेटे द्वारा किए गए वार में आशीष घायल हुआ था। परिजनों ने मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।घटना की जानकारी मिलने के बाद किशोर के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा। विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव, अमित यादव, रंजीत यादव, उपेंद्र भुइयां, आफताब आलम और फुलचंद यादव सहित अन्य लोग भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की।पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल घटना में गोली चलने, किसी हथियार के इस्तेमाल और मौत की पूरी परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

मौत की जानकारी मिलने के बाद राज्यसभा सांसद बैजनाथ राम लातेहार सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में मौजूद परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और पूरे मामले की जानकारी ली। मौके पर मौजूद लोगों से भी घटन कि जानकारी ली।