ताज़ा-ख़बर

सभी थाना क्षेत्रों में बैंकों का सुरक्षा ऑडिट, सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

रिपोर्ट: Ashwini kumar Ghai1 घंटे पहलेझारखण्ड

पुलिस टीमों ने बैंक प्रबंधकों को सभी सीसीटीवी कैमरों को 24 घंटे चालू रखने और रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखने का निर्देश दिया।

सभी थाना क्षेत्रों में बैंकों का सुरक्षा ऑडिट, सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

मेदिनीनगर : पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर रविवार को पलामू जिले के सभी थाना क्षेत्रों में संचालित बैंकों का सुरक्षा ऑडिट किया गया। पुलिस टीमों ने बैंक परिसरों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की स्थिति का जायजा लिया और बैंक प्रबंधकों व कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सुरक्षा ऑडिट के दौरान बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, रिकॉर्डिंग व्यवस्था, सायरन, फायर अलार्म, आपातकालीन बटन, सुरक्षा गार्ड की तैनाती तथा प्रवेश और निकास द्वार की सुरक्षा की जांच की गई। इसके अलावा बैंक परिसर और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी गई।

पुलिस टीमों ने बैंक प्रबंधकों को सभी सीसीटीवी कैमरों को 24 घंटे चालू रखने और रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को देने को कहा गया। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए नियमित रूप से मॉक ड्रिल कराने और सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करने का भी निर्देश दिया गया।

पुलिस के अनुसार, बैंक ग्राहकों और कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा बैंक लूट सहित अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा और आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।

इन्हें भी पढ़ें.