वीएचपी जिलाध्यक्ष डॉ. जेएन दास के नेतृत्व में आदित्यपुर टोल ब्रिज जाम, पुलिस ने समर्थकों को हिरासत में लिया
हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में एनडीए बंद का असर, डॉ. जेएन दास बोले - अपराधियों पर सख्त कार्रवाई तक संघर्ष रहेगा जारी

आदित्यपुर : करनी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड और झारखंड में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में एनडीए द्वारा शुक्रवार को आहूत जमशेदपुर बंद का असर सरायकेला-खरसावां जिले में भी व्यापक रूप से देखने को मिला। आदित्यपुर और गम्हरिया क्षेत्र में भाजपा और सहयोगी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। आदित्यपुर में विश्व हिंदू परिषद, सरायकेला-खरसावां के जिलाध्यक्ष डॉ. जे.एन. दास के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आदित्यपुर टोल ब्रिज को पूरी तरह जाम कर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए डॉ. जे.एन. दास सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर आदित्यपुर थाना पहुंचाया। इस अवसर पर डॉ. जे.एन. दास ने कहा कि हिमांशु सिंह की हत्या केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं बल्कि कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल है। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं जिससे आम जनता में भय का माहौल है। उन्होंने मांग की कि हत्याकांड के सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करते हुए उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो जनआंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में अमित सिंह सिंह उर्फ शानू, सिंटू गोराई, संतोष सिंह, धनंजय स्वर्णकार, अमन सिंह, गौरव झा, मंत्रेश झा, अमित पाल, मास नायक और विक्की पांडेय, गोपी सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे। वहीं गम्हरिया के दुर्गा पूजा मैदान के समीप अमित सिंहदेव और अजीत सिंह के नेतृत्व में टाटा-कांड्रा मुख्य सड़क को जाम किया गया। हालांकि कुछ देर बाद गम्हरिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया।