कांग्रेस संगठन को मिली नई मजबूती, अनिल सिंह और संतोषी शेखर बने जिला महासचिव
संगठन विस्तार और SIR अभियान को गति देने की जिम्मेदारी, सरयू व गारू प्रखंड के बनाए गए प्रभारी

बरवाडीह, लातेहार : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला संगठन में नई जिम्मेदारियों की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश तथा विधायक सह विधानसभा सभापति रामचंद्र सिंह की अनुशंसा पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कामेश्वर यादव ने संगठन विस्तार को लेकर कई अहम निर्णय लिए हैं। घोषित नई जिम्मेदारियों के तहत विधायक रामचंद्र सिंह के करीबी माने जाने वाले अनिल सिंह एवं पश्चिमी जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर को जिला कांग्रेस कमेटी का जिला महासचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने के उद्देश्य से संतोषी शेखर को गारू प्रखंड तथा अनिल सिंह को सरयू प्रखंड का प्रभारी बनाया गया है। नई जिम्मेदारी मिलने पर अनिल सिंह ने प्रदेश नेतृत्व, जिला अध्यक्ष और विधायक रामचंद्र सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है उस पर वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने के लिए लगातार कार्य किया जाएगा। वहीं संतोषी शेखर ने कहा कि यह जिम्मेदारी पार्टी नेतृत्व और विधायक रामचंद्र सिंह के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगी। दोनों नेताओं की नियुक्ति पर विधायक रामचंद्र सिंह, प्रदेश सचिव रवींद्र राम, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष नसीम अंसारी, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष प्रिंस प्रसाद, विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह पिंटू, यूथ कांग्रेस प्रदेश समन्वयक अधिवक्ता विजय बहादुर सिंह, अवधेश मेहरा, शिवानंद तिवारी, सुरेश मिश्रा, मो. शहीद, समसुल अंसारी, हेसामूल अंसारी, निरंजन सिंह, रवींद्र पासवान, शेख फिरोज काजमी सहित अनेक कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि दोनों नेताओं के नेतृत्व में जिले में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।