ताज़ा-ख़बर

श्रावणी मेला-2026 को लेकर गिरिडीह पुलिस अलर्ट, एसपी ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के दिए सख्त निर्देश

रिपोर्ट: Amit Sahay1 घंटे पहलेझारखण्ड

अपराध नियंत्रण पर एसपी की सख्ती, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और महिला अपराधों में जीरो टॉलरेंस के आदेश

श्रावणी मेला-2026 को लेकर गिरिडीह पुलिस अलर्ट, एसपी ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के दिए सख्त निर्देश

गिरिडीह : पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले की विधि-व्यवस्था, लंबित कांडों की समीक्षा, तकनीकी अनुसंधान, न्यायालय से संबंधित मामलों के निष्पादन तथा आगामी श्रावणी मेला-2026 की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। गोष्ठी में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डीएसपी, अंचल निरीक्षक एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने श्रावणी मेला-2026 को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कांवरिया मार्ग पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, प्रमुख शिवालयों में भीड़ प्रबंधन की प्रभावी योजना तैयार करने तथा संवेदनशील स्थानों पर सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती करने का निर्देश दिया। साथ ही रूट डायवर्जन की स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा। अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने महिला संबंधी अपराधों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने, प्रत्येक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करने तथा पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा न्यायालय से जारी वारंट एवं कुर्की आदेशों का शत-प्रतिशत निष्पादन, पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन के लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा, रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने तथा पेशेवर अपराधियों, वारंटियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों से कहा कि आम जनता से प्राप्त शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष समाधान किया जाए तथा पुलिस का व्यवहार पूरी तरह पब्लिक फ्रेंडली हो। उन्होंने कहा कि गिरिडीह पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण नहीं, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण स्थापित करना भी है। बैठक में स्पष्ट किया गया कि श्रावणी मेला सहित जिले के सभी महत्वपूर्ण आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी।

इन्हें भी पढ़ें.