आदित्यपुर वार्ड 17 की पार्षद नीतू शर्मा अस्पताल में भर्ती, सांस लेने में तकलीफ के बाद बिगड़ी तबीयत
पार्षद नीतू शर्मा का मगध सम्राट अस्पताल में चल रहा इलाज, केपी सोरेन और जगदीश नारायण चौबे ने जाना हाल

आदित्यपुर : नगर निगम के वार्ड संख्या 17 की पार्षद नीतू शर्मा की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनका इलाज वार्ड 17 स्थित मगध सम्राट अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों की टीम उनकी जांच और स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। उनकी बीमारी के संबंध में चिकित्सक फिलहाल स्पष्ट जानकारी देने में सावधानी बरत रहे हैं। जानकारी के अनुसार नीतू शर्मा पिछले तीन से चार दिनों से बीमार चल रही थीं। शनिवार को अचानक उनकी तबीयत अधिक बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने के बाद परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सक उनके स्वास्थ्य की स्थिति का आकलन कर रहे हैं। पार्षद की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर झामुमो नेता केपी सोरेन और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता जगदीश नारायण चौबे मगध सम्राट अस्पताल पहुंचे। दोनों नेताओं ने नीतू शर्मा से मुलाकात कर उनका हाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से पार्षद के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की अपील की। नीतू शर्मा की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलने के बाद उनके परिचितों और शुभचिंतकों में चिंता का माहौल है। सभी उनके जल्द स्वस्थ होकर घर लौटने की कामना कर रहे हैं।