दुर्गा पूजा को लेकर टंडवा प्रशासन सख्त, पुलिस-प्रशासनने निकाला फ्लैग मार्च

By Kameshwar टंडवा (चतरा): शारदीय दुर्गा पूजा को लेकर टंडवा पुलिस-प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए रविवार को पुलिस ने प्रखंड में बड़ा फ्लैग मार्च निकला। टंडवा सीडीपीओ प्रभात रंजन बरवार एवं थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर विपिन कुमार के नेतृत्व में निकला यह फ्लैग मार्च टंडवा थाना से शुरू होकर बड़गांव, मिश्रौल, धनगड़ा,सेरनदाग होते हुए टंडवा बाजार तक फ्लैग मार्च किया गया।
इस दौरान पुलिस के अधिकारी और बड़ी संख्या में जवान शामिल रहे। फ्लैग मार्च के दौरान दोनों वरीय अधिकारियों ने क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने पूजा समिति के अध्यक्ष और सदस्यों से सीधी बातचीत कर शासन की गाइडलाइन से अवगत कराया। समितियों को निर्देश दिया गया कि पंडाल में भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी, लाइट-साउंड और महिला सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इस दौरान इंस्पेक्टर विपिन कुमार ने सख्त लहजे में कहा कि टंडवा में शांति और सौहार्द के साथ पूजा होगी।
अफवाह फैलाने वालों, सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने वालों और माहौल बिगाड़ने वाले उपद्रवियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। वहीं सीडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने कहा कि पूजा के दौरान सभी संवेदनशील इलाकों में पुलिस की विशेष नजर रहेगी और लगातार गश्त की जाएगी। पुलिस के इस फ्लैग मार्च से पूरे इलाके में सुरक्षा का माहौल बना है और स्थानीय लोगों ने प्रशासन के इस कदम की सराहना की है।