आदित्यपुर वार्ड-20 की सड़क बनी कचरा घर, गुमटी बस्ती में बदहाल सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
युवा नेता बाबू तांती का आरोप: नगर निगम की लापरवाही से सड़क पर पसरी गंदगी

आदित्यपुर : नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-20 स्थित गुमटी बस्ती से रेलवे फाटक होते हुए अंडरग्राउंड ब्रिज तक जाने वाली मुख्य सड़क की स्थिति बेहद खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह कचरा फैला हुआ है जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में युवा नेता बाबू तांती ने नगर निगम की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आदित्यपुर बाजार का कचरा खुलेआम इस मुख्य सड़क पर फेंक दिया जाता है जबकि दुकानदार भी सफाई व्यवस्था को नजरअंदाज कर रहे हैं। बाबू तांती ने बताया कि पहले हर 2-3 दिन में नगर निगम की कचरा गाड़ी आकर सफाई करती थी लेकिन अब यह व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। गली-मोहल्लों में भी कचरा उठाव वाहन नहीं पहुंच रहे हैं जिससे गंदगी का अंबार लग गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि यह लापरवाही सफाई कर्मियों की है या ठेकेदारों की। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द ही इस मामले की शिकायत नगर निगम के अपर आयुक्त को पत्र के माध्यम से की जाएगी। उन्होंने यह भी मांग की कि नगर निगम के सभी 35 वार्डों में अलग-अलग टेंडर जारी किए जाएं ताकि स्थानीय स्तर पर सफाई व्यवस्था बेहतर हो सके और लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलें।