आदित्यपुर वार्ड-17 के बंद घर में चोरी की घटना पर पार्षद नीतू शर्मा सख्त, पुलिस से की गश्त बढ़ाने और त्वरित कार्रवाई की मांग
कोलकाता गए थे परिवार, पीछे चोरों ने साफ किया घर - पार्षद नीतू शर्मा ने प्रशासन को दिया अल्टीमेटम

आदित्यपुर : नगर निगम क्षेत्र के वार्ड-17 स्थित हाउसिंग फ्लैट 6-एलएफ के क्वार्टर नंबर-9 में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना उस समय हुई जब मकान मालिक अतनु चक्रवर्ती अपने परिवार के साथ उपनयन संस्कार में शामिल होने के लिए कोलकाता गए हुए थे। मिली जानकारी के अनुसार घर कई दिनों से बंद था जिसका फायदा उठाकर चोरों ने भीतर घुसकर सामान पार कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। इस मामले पर वार्ड-17 की पार्षद नीतू शर्मा ने चिंता जताते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं गंभीर विषय हैं। उन्होंने प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को सख्त करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।