जेपीएससी परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 19 अप्रैल को भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए ट्रैफिक प्लान में बड़ा बदलाव, शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

जमशेदपुर : झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) द्वारा आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन लगातार समीक्षा बैठकें कर रहा है और हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है। इसी कड़ी में 19 अप्रैल को शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार उस दिन अपराह्न 4 बजे से रात 11:30 बजे तक जमशेदपुर शहर में बसों को छोड़कर सभी प्रकार के भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह निर्णय ट्रैफिक डीएसपी, एसएसपी और उपायुक्त के संयुक्त निर्देश पर लिया गया है। प्रशासन का मानना है कि परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की आवाजाही से शहर में यातायात दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में भारी वाहनों पर रोक लगाकर जाम की स्थिति से बचने और ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने का प्रयास किया गया है। परीक्षा को देखते हुए शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। ट्रैफिक पुलिस को अलर्ट मोड में रखा गया है और प्रमुख चौक-चौराहों के साथ-साथ परीक्षा केंद्रों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय में जारी ट्रैफिक नियमों का पालन करें और परीक्षार्थियों को सुगमता से परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सहयोग करें। यह कदम अभ्यर्थियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में अहम माना जा रहा है।