ताज़ा-ख़बर

चतरा-हजारीबाग बॉर्डर पर बड़ी मुठभेड़, 15 लाख के इनामी सहदेव महतो समेत 4 नक्सली ढेर

रिपोर्ट: VBN News Desk4 घंटे पहलेझारखण्ड

कोबरा बटालियन व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता, भारी मात्रा में हथियार बरामद

चतरा-हजारीबाग बॉर्डर पर बड़ी मुठभेड़, 15 लाख के इनामी सहदेव महतो समेत 4 नक्सली ढेर

चतरा : झारखंड के चतरा-हजारीबाग सीमा क्षेत्र में शुक्रवार को सुरक्षाबलों और प्रतिबंधित भाकपा माओवादी नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई जिसमें 15 लाख के इनामी सबजोनल कमांडर सहदेव महतो उर्फ अनुज महतो समेत चार नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है। यह मुठभेड़ चतरा के पिपरवार और हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र के सीमावर्ती बटुका-बुंडू जंगल इलाके में हुई। सुरक्षा बलों में झारखंड पुलिस और कोबरा बटालियन के जवान शामिल थे। मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। घटनास्थल से चार नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं, साथ ही भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और नक्सली सामग्री भी जब्त की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मारे गए नक्सलियों में जोनल कमांडर सहदेव महतो के अलावा उसकी पत्नी और महिला नक्सली नताशा भी शामिल है। इस संबंध में केरेडारी थाना प्रभारी विवेक कुमार ने भी चार नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है। वहीं चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि मारे गए नक्सलियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि मुठभेड़ में बड़ी सफलता मिली है, हालांकि सभी नक्सलियों की पहचान का सत्यापन किया जा रहा है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी स्वयं दलबल के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गए और पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार इलाके में अभी भी सघन तलाशी अभियान जारी है ताकि किसी भी अन्य नक्सली की मौजूदगी को खत्म किया जा सके। इस सफलता से क्षेत्र में नक्सलियों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और सुरक्षा एजेंसियों का मनोबल भी बढ़ा है।

इन्हें भी पढ़ें.