ताज़ा-ख़बर

चाईबासा मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा, स्कूटी पलटने से पिता की मौत, बेटी घायल

रिपोर्ट: VBN News Desk4 घंटे पहलेझारखण्ड

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, थाना प्रभारी बोले: मामले की जांच जारी

चाईबासा मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा, स्कूटी पलटने से पिता की मौत, बेटी घायल

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोकचो गांव निवासी बुधराम सांडिल (54) की शुक्रवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई जबकि उनकी पुत्री घायल हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों के अनुसार बुधराम सांडिल सुबह करीब 10:30 बजे अपनी बेटी के साथ किसी जरूरी कार्य से स्कूटी पर सवार होकर चाईबासा जा रहे थे। इसी दौरान बरकुंडीय मोड़ के समीप अचानक स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क पर पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि स्कूटी की रफ्तार तेज थी जिसके कारण चालक नियंत्रण नहीं रख पाए और हादसा हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को उठाकर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बुधराम सांडिल को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी पुत्री को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। उसे हल्की चोटें आई हैं और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि यह एक सड़क दुर्घटना का मामला है। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार के कारण हादसा प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और गति सीमा का पालन करें ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

इन्हें भी पढ़ें.