ताज़ा-ख़बर

बालूमाथ में जनआक्रोश के आगे झुका प्रशासन, एनटीपीसी कोल परियोजना की जनसुनवाई स्थगित

रिपोर्ट: Santosh Kumar1 दिन पहलेझारखण्ड

ग्रामीणों के तीव्र विरोध और बढ़ते दबाव को देखते हुए प्रशासन ने जनसुनवाई की कार्यवाही स्थगित करने की घोषणा क

बालूमाथ में जनआक्रोश के आगे झुका प्रशासन, एनटीपीसी कोल परियोजना की जनसुनवाई स्थगित

लातेहार । बालूमाथ प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड (एनएमएल) की नॉर्थ धाधु ईस्टर्न पार्ट कोल माइनिंग परियोजना को लेकर बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई ग्रामीणों के भारी विरोध के बीच स्थगित कर दी गई।प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों ने जनसुनवाई की प्रक्रिया को असंवैधानिक बताते हुए इसका पुरजोर विरोध किया।

सोमवार को आयोजित जनसुनवाई में बड़ी संख्या में प्रभावित गांवों के ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता पहुंचे। ग्रामीणों का कहना था कि परियोजना से सीधे प्रभावित गांवों की ग्राम सभाओं से राय लिए बिना प्रखंड मुख्यालय में जनसुनवाई आयोजित करना स्थानीय लोगों के अधिकारों का हनन है। विरोध के दौरान ग्रामीणों ने जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा को लेकर नारेबाजी की तथा जनसुनवाई को प्रभावित गांवों में आयोजित करने की मांग उठाई।

जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी ने ग्रामीणों का समर्थन करते हुए कहा कि अनुसूचित क्षेत्रों में ग्राम सभा सर्वोच्च है और उसके अधिकारों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की सहमति और सहभागिता के बिना किसी भी परियोजना को आगे बढ़ाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।उन्होंने आरोप लगाया कि परियोजना से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं, जैसे पर्यावरणीय प्रभाव, पुनर्वास नीति और स्थानीय लोगों को मिलने वाले लाभों के संबंध में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।

ऐसे में ग्रामीणों की शंकाओं का समाधान किए बिना जनसुनवाई की प्रक्रिया उचित नहीं मानी जा सकती।ग्रामीणों के तीव्र विरोध और बढ़ते दबाव को देखते हुए प्रशासन ने जनसुनवाई की कार्यवाही स्थगित करने की घोषणा की। इसके बाद ग्रामीणों ने इसे अपनी एकजुटता और अधिकारों की जीत बताते हुए भविष्य में भी जनहित से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

इन्हें भी पढ़ें.