ताज़ा-ख़बर

रामपुर गोलीकांड में न्याय की मांग तेज, भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात

रिपोर्ट: अकरम 1 घंटे पहलेझारखण्ड

दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, एसआईटी जांच और परिवार को सुरक्षा देने की मांग, आंदोलन की चेतावनी

रामपुर गोलीकांड में न्याय की मांग तेज, भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात

मेदिनीनगर/बरवाडीह : चैनपुर प्रखंड के रामपुर गांव में हुए चर्चित गोलीकांड को लेकर न्याय की मांग तेज हो गई है। मंगलवार को भीम आर्मी भारत एकता मिशन और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के एक प्रतिनिधिमंडल ने रामपुर गांव पहुंचकर मृतक युवक के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। प्रतिनिधिमंडल ने घटना की जानकारी परिजनों से ली तथा पूरे मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। संगठन के नेताओं ने आरोप लगाया कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने कहा कि गोलीकांड के सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए। नेताओं ने मांग की कि पीड़ित परिवार को तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए ताकि वे किसी प्रकार के भय या दबाव के बिना न्याय की लड़ाई लड़ सकें। साथ ही मामले की गहन जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया जाए, जिससे घटना के सभी पहलुओं का खुलासा हो सके और दोषियों को कड़ी सजा मिले। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट कहा कि यदि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय नहीं मिला और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन शुरू करने को बाध्य होगी। इस दौरान चंदू राम, सुनील उरांव, अजय सिंह चेरो, नागमणि रजक, सेराज खान सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

इन्हें भी पढ़ें.