चांडिल में खनन माफियाओं पर प्रशासन का करारा प्रहार, अवैध खदान और 6 क्रशर जप्त
जिले में अवैध पत्थर कारोबार पर सख्ती, माफियाओं के खिलाफ एफआईआर और कड़ी कार्रवाई शुरू

सरायकेला-खरसावाँ : जिले में सक्रिय खनन माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा और सख्त अभियान चलाते हुए अवैध पत्थर उत्खनन के गोरखधंधे पर जोरदार प्रहार किया है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार मंगलवार को चांडिल थाना क्षेत्र के चिलगु और करनीडीह मौजा में जिला खनन विभाग, प्रदूषण विभाग, अंचल प्रशासन और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मौजा चिलगु में एक अवैध पत्थर खदान का खुलासा हुआ वहीं इसके आसपास बिना अनुमति संचालित 6 क्रशर इकाइयां भी पकड़ी गईं। अवैध रूप से उत्खनित और भंडारित पत्थरों को मौके पर ही जप्त कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस मामले में भूमि स्वामियों और खनन माफियाओं के खिलाफ चांडिल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रदूषण विभाग ने भी नियमों की अनदेखी करने वाली इन इकाइयों पर अलग से कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके अलावा क्षेत्र में संचालित ईंट भट्टों की जांच में नियम उल्लंघन पाए जाने पर जुर्माना वसूला गया। उपायुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में खनिज संपदा की लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध खनन से पर्यावरण, सड़क और जनजीवन को हो रहे नुकसान के लिए जिम्मेदार माफियाओं के खिलाफ आगे भी शून्य सहिष्णुता नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।