ताज़ा-ख़बर

बाबा बासुकीनाथ धाम में सुरक्षा व सुविधाओं की व्यापक तैयारी, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रिपोर्ट: VBN News Desk2 घंटे पहलेझारखण्ड

पहली सोमवारी को लेकर प्रशासन अलर्ट:

 बाबा बासुकीनाथ धाम में सुरक्षा व सुविधाओं की व्यापक तैयारी, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

दुमका: राजकीय श्रावणी मेला महोत्सवझ्र2026 के तहत सावन की पहली सोमवारी पर बाबा बासुकीनाथ धाम में उमड़ने वाली भारी श्रद्धालु भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी कड़ी में मयूराक्षी कला मंच पर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा एवं पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने मेला क्षेत्र में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी ड्यूटी के दौरान किसी भी परिस्थिति में अपना कार्यस्थल नहीं छोड़ेंगे। पहली सोमवारी पर अर्घा के माध्यम से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जलार्पण को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने पेयजल, शौचालय, विद्युत, सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को निर्बाध बनाए रखने का निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। विद्युत विभाग को शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं से बचाव के लिए लगातार निगरानी रखने तथा सभी विद्युत व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। वहीं रूट लाइन में लगाए गए स्प्रिंकलर (इंद्र वर्षा) सिस्टम को लगातार संचालित रखने के भी निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत मिल सके। बैठक में खोया-पाया केंद्र, क्लॉक रूम तथा ऑनलाइन शिकायत एवं आवेदन व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए इन व्यवस्थाओं को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचना देकर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें तथा श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखें। पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने कहा कि आगामी तीन दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। इसे देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में साइनेज लगाए जा रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन में परेशानी न हो। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा कंट्रोल रूम से मिलने वाले निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन कराया जाएगा। उन्होंने सभी ओपी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए। बैठक के दौरान विभिन्न ओपी प्रभारियों ने अपने क्षेत्रों से जुड़ी आवश्यकताओं और समस्याओं से भी प्रशासन को अवगत कराया। बैठक में एनडीआरएफ की टीम को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने तथा मेला क्षेत्र में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के बाद उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने तारा मंदिर चौक, शिवगंगा घाट, रूट लाइन, क्यू कॉम्प्लेक्स एवं निकास द्वार सहित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निकास द्वार से किसी भी स्थिति में प्रवेश न होने दिया जाए तथा सभी श्रद्धालुओं का जलार्पण कतारबद्ध, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से कराया जाए। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का सर्वोच्च उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित वातावरण में बाबा बासुकीनाथ का जलार्पण कराने की सुविधा उपलब्ध कराना है।

इन्हें भी पढ़ें.