श्रावण मास में बाबा चुटोनाथ धाम में विशेष स्वच्छता अभियान
श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने की अपील

श्रावण मास के पावन अवसर पर बाबा चुटोनाथ धाम में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं मंदिर परिसर की पवित्रता बनाए रखने के उद्देश्य से नवयुवक समिति द्वारा रविवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व समिति के अध्यक्ष संजय राय ने किया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने मंदिर परिसर के विभिन्न हिस्सों की साफ-सफाई कर परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया। अभियान के तहत बाबा चुटोनाथ मंदिर परिसर, शिव मंदिर, पहाड़ ठाकुर मंदिर तथा मंदिर तक जाने वाले मुख्य मार्ग की व्यापक सफाई की गई। रास्तों से कचरा हटाया गया, मंदिर परिसर को साफ किया गया और श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने का प्रयास किया गया। अभियान के दौरान अध्यक्ष संजय राय स्वयं मौजूद रहे और पूरे कार्य की निगरानी करते हुए सदस्यों का उत्साहवर्धन किया। समिति के सदस्यों ने बताया कि श्रावण मास में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा चुटोनाथ धाम पहुंचकर जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना करते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा और धार्मिक गरिमा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और श्रद्धामय वातावरण मिल सके। नवयुवक समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि मंदिर परिसर या रास्तों में कचरा न फेंकें, प्लास्टिक का उपयोग कम करें, कूड़ेदान का प्रयोग करें तथा स्वच्छता बनाए रखने में समिति और प्रशासन का सहयोग करें। समिति ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता तभी बनी रह सकती है, जब हर श्रद्धालु अपनी जिम्मेदारी निभाए।