नाबालिग अपहरण कांड का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
युवती सकुशल बरामद, आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया : एसडीपीओ

पाकुड़। अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के जमरी गांव से एक नाबालिग युवती के अपहरण मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। विशेष जांच दल (एसआईटी) ने युवती को सकुशल बरामद करते हुए मामले में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
रविवार को अमड़ापाड़ा थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में महेशपुर के एसडीपीओ विजय कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर उनके नेतृत्व में गठित एसआईटी ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी कर यह सफलता हासिल की।
उन्होंने बताया कि 27 जुलाई 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि जमरी गांव की एक नाबालिग युवती को तीन अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गए हैं। परिजनों के आवेदन के आधार पर अमड़ापाड़ा थाना कांड संख्या 59/2026 दर्ज किया गया। 28 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 140(1) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विशेष जांच शुरू की गई।
जांच के क्रम में पुलिस ने युवती को सकुशल बरामद कर लिया तथा मामले में संलिप्त तीन आरोपियों-हिरालाल दुड्डू (21), पिता राजेंद्र दुड्डू, ग्राम बड़ा हरिपुर, थाना सुंदरपहाड़ी, जिला गोड्डा; सुरेश हेंब्रम (28), पिता सोम हेंब्रम, मूल निवासी ग्राम मालमला, थाना देवडांड, जिला गोड्डा, वर्तमान पता बड़ा हरिपुर, थाना सुंदरपहाड़ी; तथा राजेश मरांडी (27), पिता स्व. सनिलाल मरांडी, ग्राम डांगा (रोलेडीह), थाना देवडांड, जिला गोड्डा-को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
एसडीपीओ ने बताया कि इस कार्रवाई में अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा, पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार सिंह, बबीलाल मुर्मू, पप्पू कुमार, तकनीकी सेल के सुकदेव साहा, सहायक अवर निरीक्षक सनिलाल मुर्मू एवं निर्मल कुमार राय, तकनीकी सेल के आरक्षी सुरेश मुर्मू, रोहित साहा, श्यामसुंदर यादव तथा चालक आरक्षी प्रेम मुर्मू सहित अमड़ापाड़ा थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।
एसडीपीओ ने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े मामलों में पाकुड़ पुलिस पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई कर रही है तथा ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।