ताज़ा-ख़बर

आदित्यपुर श्मशान घाट में युवक की हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट: MANISH 4 घंटे पहलेअपराध

आपसी विवाद में निखिल कुमार की हत्या का आरोप, खून लगे कपड़े और मोबाइल बरामद

आदित्यपुर श्मशान घाट में युवक की हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्पनापुरी स्थित श्मशान घाट मैदान में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले का एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, मृतक के खून से सने कपड़े तथा अन्य सामान बरामद किए हैं। पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 17 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे श्मशान घाट मैदान में एक युवक की हत्या की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौके पर पहुंचे। वहां से करीब 20 वर्षीय निखिल कुमार का शव बरामद किया गया। मृतक के पिता का नाम सोमनाथ दे बताया गया है। वह आदित्यपुर के भाटिया बस्ती स्थित काली मंदिर के पास रहता था। इस मामले में आदित्यपुर थाना कांड संख्या 331/2026, दिनांक 17 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद हत्या का कारण सामने आया है। मृतक निखिल कुमार और मुख्य आरोपी करण सोरेन उर्फ डेला के बीच पहले से विवाद था। बताया गया है कि दोनों पूर्व में एक-दूसरे के मित्र भी थे। पुलिस ने मामले में गणेश मुर्मू उर्फ देबो (करीब 20 वर्ष), निवासी इंद्र बस्ती, आदित्यपुर तथा अजीत सोरेन उर्फ गुड्डू (करीब 19 वर्ष), निवासी नुगाडीह, थाना सरायकेला को गिरफ्तार किया है। वहीं, करण सोरेन उर्फ डेला, निवासी शर्मा बस्ती, रेलवे लाइन किनारे, आदित्यपुर की तलाश जारी है। छापेमारी दल में आदित्यपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

इन्हें भी पढ़ें.