ताज़ा-ख़बर

टंडवा एनटीपीसी में कन्वेयर बेल्ट गिरने से तीन श्रमिकों की मौत, दो गंभीर घायल, मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख मुआवजा और नौकरी पर सहमति

रिपोर्ट: VBN News Desk4 घंटे पहलेझारखण्ड

मजदूरों की मौत के बाद एनटीपीसी गेट पर हंगामा, कवरेज कर रहे पत्रकारों से सीआईएसएफ की बदसलूकी का आरोप

टंडवा एनटीपीसी में कन्वेयर बेल्ट गिरने से तीन श्रमिकों की मौत, दो गंभीर घायल, मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख मुआवजा और नौकरी पर सहमति

चतरा : टंडवा स्थित एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा परियोजना में निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट का ढांचा गिरने से तीन श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा परियोजना के सीएचपी जेएच-1 लोकेशन पर हुआ। मृतकों की पहचान तिलक गंझू, रंजीत कुमार और राजा सोनी के रूप में हुई है। वहीं बबलू सिंह और बालेश्वर पासवान गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों का इलाज एनटीपीसी के संजीवनी अस्पताल में चल रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार काम के दौरान अचानक कन्वेयर बेल्ट का स्ट्रक्चर गिर गया जिससे वहां कार्यरत मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के कारणों को लेकर स्ट्रक्चरल डिजाइन में खामी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक जांच रिपोर्ट सामने आना बाकी है। घटना के बाद मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग मुआवजे तथा नौकरी की मांग को लेकर एनटीपीसी गेट पर जुटे। इस दौरान कवरेज कर रहे मीडियाकर्मियों के साथ सीआईएसएफ जवानों द्वारा कथित दुर्व्यवहार और हाथापाई का मामला भी सामने आया। विवाद बढ़ने के बाद एनटीपीसी के एचआर अधिकारी तन्मय दत्त ने मीडिया कर्मियों से खेद जताते हुए भविष्य में ऐसी घटना नहीं होने देने की बात कही। मौके पर पहुंचीं बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने प्रबंधन पर मजदूरों की सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने 50 लाख रुपये के मुआवजे को अपर्याप्त बताते हुए मृतकों के परिजनों की दो करोड़ रुपये की मांग का समर्थन किया। मृतक की बेटी मनीषा कुमारी ने भी अधिक मुआवजे की मांग रखी। वहीं सिमरिया विधायक कुमार उज्जवल दास, पूर्व विधायक किसुन कुमार दास और झामुमो जिलाध्यक्ष निलेश गयासेन की मौजूदगी में हुई वार्ता के बाद प्रत्येक मृतक के परिजन को 50 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी तथा बच्चों की डीएवी स्कूल में मुफ्त शिक्षा देने पर सहमति बनी। हादसे के बाद परियोजना में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था और दुर्घटना के कारणों की जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

इन्हें भी पढ़ें.