ताज़ा-ख़बर

बड़कागांव के जोराकाठ जंगल में मृत मिला नर हाथी, चार सदस्यीय पशु चिकित्सक टीम ने किया पोस्टमार्टम

रिपोर्ट: VBN News Desk4 घंटे पहलेझारखण्ड

हाथी की मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं, प्राकृतिक मौत की आशंका, दो किलोमीटर दूर हाथियों का झुंड मौजूद होने से ग्रामीणों में भय

बड़कागांव के जोराकाठ जंगल में मृत मिला नर हाथी, चार सदस्यीय पशु चिकित्सक टीम ने किया पोस्टमार्टम

बड़कागांव : हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड अंतर्गत गोंदलपुरा पंचायत के जोराकाठ जंगल में एक नर हाथी मृत पाया गया। घटना की जानकारी वन अध्यक्ष शुकुल महतो ने वन विभाग को दी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे तथा मामले की जांच की। इसके बाद हजारीबाग पशु चिकित्सा विभाग से पहुंची चार सदस्यीय डॉक्टरों की टीम ने वरीय पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पिंकी तिग्गा की अध्यक्षता में मृत हाथी का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद हाथी के शव को जंगल में ही दफना दिया गया। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मृत हाथी के शरीर के अवशेष जांच हेतु हजारीबाग ले जाए गए हैं। मौके पर पहुंचे डीएफओ विकास पालीवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। उनकी उपस्थिति में ही हाथी के शव को दफनाने की प्रक्रिया पूरी की गई। वन विभाग और पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के अनुसार हाथी की मौत का वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। प्रारंभिक तौर पर मामला प्राकृतिक मौत का प्रतीत हो रहा है। इधर ग्रामीणों ने बताया कि घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर आगे हाथियों का एक झुंड रुका हुआ है। इससे आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि झुंड की मौजूदगी से क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही बढ़ सकती है। पोस्टमार्टम टीम में डॉ. पंकज कुमार, डॉ. सुनीता कुमारी मुर्मू, डॉ. उज्ज्वल कुमार और मोबाइल वेटनरी यूनिट के डॉ. गोपाल बैठा सहित अन्य कर्मियों ने योगदान दिया। इस दौरान एसीएफ प्रमोद कुमार, रेंजर राम बाबू कुमार, फॉरेस्टर आनंद कुमार सिंह सहित वन विभाग के कई अधिकारी, कर्मचारी और दैनिक वेतनभोगी कर्मी उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़ें.