प्रशासनिक आदेश जारी, कुचाई सीओ सुषमा सोरेन को सरायकेला अंचल का अतिरिक्त प्रभार
उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने दी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी की शक्ति, जनहित में लिया निर्णय

सरायकेला : जिला दंडाधिकारी–सह–उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने प्रशासनिक एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए अंचल प्रशासन में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। प्रखंड विकास पदाधिकारी सरायकेला के अवकाश पर रहने के कारण पूर्व आदेशानुसार कुचाई प्रखंड विकास पदाधिकारी साधु चरण देवगम को सरायकेला का प्रभार सौंपा गया था। राजस्व कार्यों की अधिकता को देखते हुए उपायुक्त ने अब सुश्री सुषमा सोरेन, अंचल अधिकारी कुचाई को अतिरिक्त रूप से अंचल अधिकारी, सरायकेला का दायित्व सौंपा है। आदेश के तहत उन्हें झारखंड कोषागार संहिता–2016 के नियम 87 एवं वित्तीय नियमावली भाग-1 के नियम 110(3) के तहत निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी की शक्ति भी प्रदान की गई है। आदेश में कहा गया है कि सुश्री सोरेन तत्काल प्रभाव से प्रभार ग्रहण कर कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करेंगी। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रशासनिक व्यवस्था और जनसेवा में किसी प्रकार की बाधा न आए।