25 साल बाद राखा कॉपर माइंस में लौटेंगी मशीनें, क्या फिर आबाद होंगे उजड़े घर और बाजार?
2700 करोड़ के निवेश से राखा में जगी नई उम्मीद, स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने का इंतजार

जादूगोड़ा : कभी तांबे की खदानों, मशीनों की आवाज और मजदूरों की चहल-पहल से गुलजार रहने वाला राखा आज एक बार फिर नई उम्मीदों के साथ भविष्य की ओर देख रहा है। करीब 25 साल पहले बंद हुई राखा कॉपर माइंस के पुनः संचालन की तैयारी ने क्षेत्र में रोजगार और विकास की उम्मीद जगा दी है। हालांकि स्थानीय लोगों के मन में एक बड़ा सवाल है कि क्या खदानों के साथ वे परिवार भी वापस लौटेंगे जिन्हें रोजगार छिनने के बाद अपना घर-बार छोड़ना पड़ा था? राखा कॉपर माइंस का खनन कार्य 7 जुलाई 2001 को बंद हो गया था। इस फैसले से 700 से अधिक कर्मचारी और मजदूर प्रभावित हुए। धीरे-धीरे कर्मचारियों को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति योजना (वीआरएस) के तहत कंपनी से अलग किया गया। खदान पर निर्भर परिवारों के सामने बच्चों की पढ़ाई, इलाज और रोजमर्रा के खर्चों का संकट खड़ा हो गया। रोजगार की तलाश में कई परिवार दूसरे शहरों में चले गए। इससे राखा के आवासीय परिसर खाली होने लगे और बाजारों की रौनक भी कम होती चली गई। माइंस बंद होने के बाद कर्मचारियों की समस्याएं भी लगातार सामने आती रहीं। 13 सितंबर 2002 को करीब 100 पूर्व कर्मचारियों ने बिजली सब्सिडी और अस्पताल जैसी सुविधाएं जारी रखने की मांग को लेकर राखा माइंस कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया था। कर्मचारियों का कहना था कि वीआरएस के समय उन्हें कुछ सुविधाएं जारी रखने का भरोसा दिया गया था। इसके बाद 8 जून 2003 को बिजली बिल का करीब 12 करोड़ रुपये बकाया होने के कारण टाउनशिप की बिजली काट दी गई। इस फैसले के विरोध में लोगों ने प्रदर्शन किया। माइंस बंदी के खिलाफ घाटशिला रेलवे स्टेशन पर रेल चक्का जाम भी किया गया था। अब 2026 में राखा के लिए नई संभावनाएं सामने आई हैं। 10 जनवरी 2025 को केंद्रीय खान मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड ने राखा माइंस के पुनः संचालन और विस्तार के लिए साउथ वेस्ट माइनिंग लिमिटेड को माइन डेवलपर कम ऑपरेटर नियुक्त किया है। इस परियोजना में करीब 2700 करोड़ रुपये के निवेश और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 10 हजार रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना जताई गई है। हालांकि स्थानीय लोगों के सामने रोजगार को लेकर कई सवाल हैं। क्या परियोजना में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता मिलेगी? क्या दूसरे शहरों में बस चुके पूर्व कर्मचारी और उनके परिवार राखा लौटेंगे? क्या वर्षों से खाली पड़े आवासीय परिसर और बाजार फिर से गुलजार होंगे? राखा के लोगों की उम्मीद केवल खदानों में मशीनें चलने तक सीमित नहीं है। वे चाहते हैं कि माइंस के पुनः संचालन से स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिले, युवाओं को रोजगार मिले और क्षेत्र की पुरानी रौनक लौटे। 25 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद अब सबकी निगाहें परियोजना के धरातल पर उतरने और रोजगार के वास्तविक अवसरों पर टिकी हैं।