ताज़ा-ख़बर

108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त, दो महीने में बदलेगी संचालन कंपनी

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेझारखण्ड

48 घंटे में बकाया वेतन भुगतान पर सहमति, ईपीएफ-ईएसआईसी की कटौती की 30 दिनों में होगी जांच

108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त, दो महीने में बदलेगी संचालन कंपनी

रांची : झारखंड में 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल रविवार को स्वास्थ्य विभाग, एम्बुलेंस संचालन कंपनी सम्मान फाउंडेशन और झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के बीच हुई त्रिपक्षीय वार्ता के बाद समाप्त हो गई। नामकुम स्थित आरसीएच सभागार में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अभियान निदेशक के निर्देश पर आयोजित बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर सहमति बनी। इसके बाद निर्णयों के क्रियान्वयन के लिए एनएचएम की ओर से आदेश जारी किया गया। वार्ता में वर्तमान संचालन कंपनी सम्मान फाउंडेशन को दो महीने के भीतर हटाने का निर्णय लिया गया। वहीं, कर्मचारियों के दो महीने के बकाया वेतन का भुगतान 48 घंटे के भीतर करने पर सहमति बनी। फरवरी 2025 से वेतन, ईपीएफ और ईएसआईसी में हुई कटौती की जांच कर 30 दिनों के भीतर बकाया राशि का भुगतान करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में तय हुआ कि नई कंपनी के चयन के बाद 22 अक्टूबर को अपर मुख्य सचिव और संघ के बीच हुए समझौते को लागू किया जाएगा। वर्तमान कर्मचारियों को नई कंपनी में बहाली के दौरान प्राथमिकता मिलेगी। साथ ही कंपनी मनमाने तरीके से किसी कर्मचारी को बर्खास्त नहीं कर सकेगी। कर्मचारियों की शिकायतों की जांच एनएचएम, सिविल सर्जन और संघ की सहभागिता में की जाएगी। इसके अलावा वेतन भुगतान के लिए एस्क्रो अकाउंट, बायोमेट्रिक उपस्थिति, न्यूनतम मजदूरी, ईपीएफ, ईएसआईसी, अवकाश, बीमा और बोनस सुनिश्चित करने पर सहमति बनी। यह भी तय किया गया कि एम्बुलेंस खराब रहने या केस नहीं मिलने की स्थिति में कर्मचारियों का वेतन नहीं काटा जाएगा। संघ ने सहमति के बाद हड़ताल समाप्त करने की घोषणा करते हुए इसे कर्मचारियों की बड़ी उपलब्धि बताया। साथ ही सरकार, स्वास्थ्य विभाग, मीडिया और प्रशासन के प्रति आभार जताया। बैठक में एनएचएम की ओर से कृष्ण अग्रवाल, डॉ. राजीव प्रसाद, डॉ. अरविंद कुमार और अवनी प्रसाद, सम्मान फाउंडेशन से सुमित बासु, योगेश कुमार और दीपक कुमार तथा भारतीय मजदूर संघ से रमाशंकर प्रसाद एवं सुबोध कुमार उपस्थित थे। संघ की ओर से अध्यक्ष नीरज तिवारी, मुकेश कुमार, कुणाल बनर्जी, रवीन्द्र कुमार सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

इन्हें भी पढ़ें.