ताज़ा-ख़बर

नीलांबर- पीतांबर विश्वविद्यालय परिसर में आइसा का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

रिपोर्ट: Shailendra Tiwary8 घंटे पहलेझारखण्ड

गौतम दांगी ने कहा कि आरटीआई के तहत मांगी गई री-जांच कॉपियां तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।

नीलांबर- पीतांबर विश्वविद्यालय परिसर में आइसा का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

मेदिनीनगर (पलामू) : ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन की पलामू इकाई के नेतृत्व में नीलांबर- पीतांबर विश्वविद्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया। आंदोलन विद्यार्थियों की लंबित मांगों व विश्वविद्यालय में व्याप्त अनियमितताओं के विरोध में किया जा रहा है। आइसा के जिला सचिव गौतम कुमार दांगी ने कहा कि कई विद्यार्थी परीक्षा परिणामों से असंतुष्ट हैं। सूचना के अधिकार के तहत अपनी री-जांच कॉपियों की मांग की है। लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन कॉपियां अभी तक उपलब्ध नहीं कराया है। यह विद्यार्थियों के पारदर्शिता के अधिकार का सीधा उल्लंघन है।

इसके अतिरिक्त पीएचडी में नामांकन की प्रक्रिया में अत्यधिक विलंब हो रहा है। इससे शोधार्थियों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। कहा कि विश्वविद्यालय पहले पीजी सत्र 2024-26 में नामांकन प्रक्रिया पूरी करे। उसके बाद ही सत्र 2025-27 के लिए नामांकन शुरू किया जाए। नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय के विद्यार्थी लगातार परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा इन समस्याओं का कोई समाधान नहीं किया जा रहा है। विश्वविद्यालय में लगातार गड़बड़ियों की खबरें सामने आ रही हैं। उन्होंने वर्षों पहले बने जीएलए कॉलेज की गर्ल्स हॉस्टल का अभी तक शुरू न होने का मुद्दा भी उठाया। सवाल किया कि आखिर इसका जिम्मेदार कौन है। विश्वविद्यालय का एकेडमिक कैलेंडर क्यों नहीं जारी हो रहा है। आइसा ने स्पष्ट किया है कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन गंभीर मुद्दों पर तत्काल कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो विद्यार्थी हित में एक बड़े व तीखे आंदोलन की ओर रुख करेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन को इन सभी समस्याओं का प्राथमिक जिम्मेदार ठहराते हुए, आइसा ने विद्यार्थियों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करने का संकल्प लिया।

गौतम दांगी ने कहा कि आरटीआई के तहत मांगी गई री-जांच कॉपियां तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। पीएचडी में नामांकन प्रक्रिया अविलंब पूरी की जाए। पीजी सत्र 2024-26 का नामांकन पहले व फिर 2025-27 का नामांकन सुनिश्चित किया जाए। जीएलए कॉलेज की गर्ल्स हॉस्टल को तुरंत चालू किया जाए। विश्वविद्यालय का एकेडमिक कैलेंडर अविलंब जारी किया जाए। उन्होंने नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय के समस्त विद्यार्थियों से आंदोलन में शामिल होने व अपने अधिकारों के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। मौके पर जिला उपाध्यक्ष चंद्रकांती कुमारी, अभय सिंह, रंजीत सिंह चेरो सहित कई छात्र- छात्राएं आंदोलन में शामिल थे।

इन्हें भी पढ़ें.