भरत सिंह द्वारा दाखिल-खारिज के नाम पर 1.20 लाख रुपये ठगी का आरोप, एसपी से शिकायत कर ऑटो चालक ने मांगा न्याय
उधार लेकर दिए थे 1.20 लाख रुपये, रकम फंसने से आर्थिक संकट में ऑटो चालक का परिवार, म्यूटेशन नहीं कराने और रकम लौटाने से इनकार का दावा

सरायकेला-खरसावां : जिले में जमीन के दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) के नाम पर 1.20 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। मानगो के जाकिरनगर निवासी महमूद अहमद ने पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन सौंपकर भरत सिंह एवं उनके सहयोगी अरविंद सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसपी को दिए आवेदन में महमूद अहमद ने बताया है कि उन्होंने मौजा कपाली, थाना चांडिल अंतर्गत खाता संख्या-475, प्लॉट संख्या-1304 की अपनी जमीन का म्यूटेशन कराने के लिए भरत सिंह और अरविंद सिंह से संपर्क किया था। दोनों ने काम कराने का भरोसा देते हुए वर्ष 2024 में अलग-अलग तिथियों में कुल 1,20,000 रुपये लिए। शिकायतकर्ता के अनुसार 1 लाख रुपये ऑनलाइन और 20 हजार रुपये नकद भुगतान किया गया जिसके दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं। महमूद अहमद का आरोप है कि राशि लेने के बावजूद आज तक जमीन का म्यूटेशन नहीं कराया गया और न ही पैसे वापस किए गए। उन्होंने कहा कि कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन अब फोन भी रिसीव नहीं किया जा रहा है। इससे उन्हें आशंका है कि उनके साथ धोखाधड़ी की गई है। पीड़ित ने आवेदन में उल्लेख किया है कि वह ऑटो रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और उक्त राशि उधार लेकर दी थी। रकम फंस जाने से उनका परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। महमूद अहमद ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी जमा राशि वापस दिलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस द्वारा शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच की प्रतीक्षा की जा रही है।