गड्ढे में डूबने से दो चचेरी बहनों की दर्दनाक मौत, बरवाडीह गांव में पसरा मातम
ईंट निर्माण के लिए खोदे गए पानी भरे गड्ढे ने ली दो मासूमों की जान, मुआवजे और कार्रवाई की मांग

लातेहार : जिले के बारियातू थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरवाड़ीह पंचायत के बरवाडीह गांव में गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसे में दो मासूम चचेरी बहनों की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृत बच्चियों की पहचान कामेश्वर गंझू की 11 वर्षीय पुत्री प्रियंका कुमारी और मनोज गंझू की 9 वर्षीय पुत्री जूली कुमारी के रूप में हुई है। प्रियंका प्राथमिक विद्यालय बनवार में कक्षा पांचवीं तथा जूली कक्षा तीसरी की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार दोनों बच्चियां गुरुवार को घर से नहाने के लिए निकली थीं लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने उनकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान ग्रामीणों को सूचना मिली कि गांव के एक बड़े गड्ढे में दोनों बच्चियां डूबी हुई हैं। आनन-फानन में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। सूचना मिलने पर बारियातू थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने बताया कि यह गड्ढा ईंट निर्माण के लिए मिट्टी की खुदाई कर बनाया गया था। हाल की बारिश के बाद इसमें काफी पानी भर गया था। गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण दोनों बच्चियां पानी में खेलते हुए गहरे हिस्से में चली गईं और डूब गईं। घटना के बाद ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई, खतरनाक गड्ढे को तत्काल भरवाने तथा मृतक बच्चियों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। एक साथ दो मासूम बच्चियों की मौत से पूरा क्षेत्र गमगीन है।