रांची के गर्ल्स हॉस्टल में छात्रा की संदिग्ध मौत, चौथी मंजिल से गिरने से गई जान
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी युवती, पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर कर रही जांच

रांची : राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित लोहराकोचा के एक गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली 19 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा हॉस्टल की चौथी मंजिल से गिर गई जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हॉस्टल प्रबंधन ने इसकी सूचना लालपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृत छात्रा की पहचान पश्चिम बंगाल के कुल्टी निवासी गायत्री के रूप में हुई है। वह रांची में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी और लोहराकोचा स्थित गर्ल्स हॉस्टल में निवास कर रही थी। लालपुर थाना प्रभारी रुपेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। जांच के दौरान यह भी जानकारी मिली है कि छात्रा को मिर्गी की बीमारी थी और हॉस्टल में प्रवेश के समय परिजनों द्वारा भरे गए फॉर्म में इसका उल्लेख किया गया था। हालांकि पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आत्महत्या, दुर्घटना और किसी अन्य साजिश की संभावना को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। पुलिस ने छात्रा के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के रांची पहुंचने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। घटना से हॉस्टल परिसर में शोक का माहौल है।