लालू विचार केंद्र ने मनाया लालू यादव का 79वां जन्मदिन, 79 पाउंड का केक काटकर दिया सम्मान
आबादी के आधार पर आरक्षण और 75 फीसदी स्थानीय रोजगार के लिए आंदोलन का ऐलान, पुरेंद्र बोले- लालू एक विचारधारा हैं

आदित्यपुर : लालू विचार केंद्र, झारखंड प्रदेश की ओर से आदित्यपुर स्थित ऑटो क्लस्टर सभागार में राष्ट्रीय जनता दल के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का 79वां जन्मदिन उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संस्था के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने 79 पाउंड का विशाल केक काटकर जन्मदिन मनाया, तिलक लगाया तथा आरती उतारकर लालू प्रसाद यादव के दीर्घायु होने की कामना की। समारोह को संबोधित करते हुए पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि लालू प्रसाद यादव केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई की एक सशक्त विचारधारा हैं। उन्होंने कहा कि समाज के पिछड़े, दलित, आदिवासी और वंचित तबकों को राजनीतिक एवं सामाजिक अधिकार दिलाने में लालू यादव की भूमिका ऐतिहासिक रही है। उन्होंने घोषणा की कि लालू विचार केंद्र पूरे देश में आबादी के आधार पर सरकारी नौकरियों, निजी क्षेत्र तथा सभी प्रकार की ठेकेदारी में आरक्षण लागू कराने के लिए आंदोलन शुरू करेगा। इसके साथ ही ओबीसी वर्ग को उनकी जनसंख्या के अनुपात में विधानसभा, विधान परिषद, लोकसभा और राज्यसभा में राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की मांग को लेकर भी व्यापक अभियान चलाया जाएगा। पुरेंद्र नारायण सिंह ने झारखंड सरकार द्वारा राज्य के उद्योगों में 75 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार देने की घोषणा का उल्लेख करते हुए कहा कि इस प्रावधान को धरातल पर लागू कराने के लिए भी संगठन आंदोलन तेज करेगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाना और सामाजिक न्याय की अवधारणा को मजबूत करना संगठन की प्राथमिकता है। कार्यक्रम के दौरान लालू प्रसाद यादव के जीवन, संघर्ष और राजनीतिक योगदान पर आधारित प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय कार्यकर्ताओं को भी पुरस्कृत किया गया। प्रसिद्ध लोकगायक राजेश रसिक यादव की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने समारोह में उत्साह का माहौल बना दिया, जिस पर कार्यकर्ता झूमते नजर आए। इस अवसर पर विकास प्रसाद, अर्जुन प्रसाद यादव, सिद्धनाथ सिंह, देव प्रकाश, वीरेंद्र यादव, अजीत कुमार, यदुनंदन राम, उदित यादव, कमलेश यादव, एस.डी. प्रसाद, रामानंद भक्त, राजेश्वर पंडित, मनोज चौरसिया, गौरी यादव, संध्या प्रधान, दिलीप मंडल, प्रमोद गुप्ता, प्रभास झा, मिथिलेश झा, विशाल राणा, विवेक राणा, शैलेंद्र सिंह, राहुल, नीतीश सिंह, जयशंकर कुशवाहा, सिमरन मेहरा, रघुनाथ सिंह एवं संजय बेहरा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय, आरक्षण और स्थानीय अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।