गोंदलपुरा में ग्राम समिति के सूचना मंत्री पर जानलेवा हमले का आरोप, मुखिया व पुत्र के खिलाफ थाने में आवेदन
बैठक की सूचना देने निकले किनु महतो पर तलवार और तीर-धनुष से हमला करने का आरोप, गांव में फैली सनसनी

रिपोर्ट : अजय कुमार
बड़कागांव : थाना क्षेत्र के गोंदलपुरा गांव में ग्राम समिति के सूचना मंत्री पर कथित जानलेवा हमले का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम समिति के सूचना मंत्री किनु महतो ने गांव के मुखिया वासुदेव यादव और उनके पुत्र करण यादव पर धारदार तलवार एवं तीर-धनुष से हमला करने का आरोप लगाते हुए बड़कागांव थाना में लिखित आवेदन दिया है। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी एवं पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार शुक्रवार की शाम किनु महतो ग्राम समिति के निर्देशानुसार अगले दिन 29 अगस्त को आयोजित होने वाली बैठक की सूचना ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए गांव में निकले थे। इसी क्रम में जब वे मुखिया की गली से होकर गुजर रहे थे तभी मुखिया वासुदेव यादव और उनके पुत्र करण यादव द्वारा उन पर अचानक हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित किनु महतो के अनुसार हमले में उनके माथे पर गंभीर चोट लगी। आरोप है कि धारदार हथियार और तीर-धनुष से हमला किए जाने के बाद उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाई और चिल्लाते हुए मुख्य सड़क की ओर भागे। मुख्य सड़क पर मौजूद ग्रामीणों ने उनकी मदद की। एक ग्रामीण उन्हें मोटरसाइकिल पर बैठाकर सुरक्षित स्थान तक ले गया जिसके बाद गांव के अन्य लोगों को घटना की जानकारी दी गई। घटना की सूचना मिलते ही गोंदलपुरा गांव में सनसनी फैल गई। बताया गया कि आक्रोशित ग्रामीण मामले की जानकारी लेने और पूछताछ करने के लिए मुखिया के घर के समीप पहुंचे। हालांकि इस मामले में मुखिया एवं उनके पुत्र का पक्ष समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आ सका है। पीड़ित किनु महतो ने बड़कागांव थाना में आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए ग्रामीणों की नजर अब पुलिस जांच और कार्रवाई पर टिकी हुई है।