पीडीएस दुकानदारों का राज्यव्यापी आंदोलन, 1 सितंबर को सरायकेला में डीसी कार्यालय के समीप धरना
फूलकांत झा के नेतृत्व में पीडीएस डीलर करेंगे एक दिवसीय धरना, उपायुक्त को सौंपा अनुमति आवेदन

सरायकेला : ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन, झारखंड राज्य के आह्वान पर आगामी 1 सितंबर 2026, मंगलवार को राज्य के सभी 24 जिलों में पीडीएस दुकानदारों द्वारा एक दिवसीय धरना कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में सरायकेला-खरसावां जिले में भी धरना कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी गई है। धरना आयोजन की सूचना एवं अनुमति के लिए संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष, कोल्हान प्रमंडल संयोजक एवं सरायकेला-खरसावां पीडीएस जिला अध्यक्ष फूल कांत झा ने प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देव प्रकाश देवता एवं अन्य सहयोगियों के साथ उपायुक्त को आवेदन सौंपा। आवेदन के माध्यम से प्रशासन को जानकारी दी गई कि राज्यभर के पीडीएस दुकानदार अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्षरत हैं। संगठन के राज्यव्यापी आह्वान के तहत सभी 24 जिलों में एक साथ शांतिपूर्ण तरीके से धरना देकर सरकार और प्रशासन का ध्यान पीडीएस दुकानदारों की समस्याओं की ओर आकर्षित किया जाएगा। सरायकेला-खरसावां में यह एक दिवसीय धरना कार्यक्रम 1 सितंबर को सुबह 11 बजे से जिला मुख्यालय स्थित डीसी कार्यालय परिसर के समीप आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का नेतृत्व फूल कांत झा करेंगे। पीडीएस जिला अध्यक्ष फूल कांत झा ने कहा कि राशन दुकानदार अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों के समाधान की उम्मीद लंबे समय से कर रहे हैं। ऐसे में संगठन के आह्वान पर राज्यभर के दुकानदार एकजुट होकर अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने जिले के सभी पीडीएस दुकानदारों, संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में धरना स्थल पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। संगठन ने स्पष्ट किया कि धरना कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया जाएगा।