ताज़ा-ख़बर

प्रभात पार्क गेट के सामने पार्किंग स्थल पर अतिक्रमण और अवैध वसूली का आरोप, पार्षद नीतू शर्मा ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

रिपोर्ट: MANISH 2 घंटे पहलेझारखण्ड

पार्क की जमीन पर कब्जा, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों से बढ़ी चिंता- नगर निगम से सख्त कार्रवाई की मांग

प्रभात पार्क गेट के सामने पार्किंग स्थल पर अतिक्रमण और अवैध वसूली का आरोप, पार्षद नीतू शर्मा ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

आदित्यपुर : नगर निगम वार्ड 17 स्थित प्रभात पार्क के मुख्य द्वार के सामने अतिक्रमण, अवैध वसूली और असामाजिक गतिविधियों को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस संबंध में विक्टर संस्था की ओर से नगर निगम को लिखित आवेदन देकर पार्क की पार्किंग स्थल से अतिक्रमण हटाने और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई है। आवेदन में बताया गया है कि पार्क के मुख्य गेट के पास कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर झोपड़ी बना ली गई है, जिससे वहां चोरी, नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। 6 मार्च 2026 को आगजनी की घटना का भी जिक्र करते हुए कहा गया है कि इससे पार्क की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है और रख-रखाव में परेशानी हो रही है। इस मामले में वार्ड 17 की पार्षद नीतू शर्मा ने भी गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि इस मुद्दे को तथ्यों के आधार पर सामने लाया जाए। नीतू शर्मा ने कहा कि उन्हें स्थानीय दुकानदारों से जानकारी मिली है कि ऋषि नाम का एक युवक और उसकी टीम कथित रूप से डरा-धमकाकर अवैध वसूली में शामिल रही है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है। स्थानीय दुकानदारों ने भी नाम न छापने की शर्त पर बताया कि लंबे समय से पार्क के आसपास अव्यवस्था का माहौल है जिससे आम लोगों और व्यवसायियों को परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ा है। आवेदन में नगर निगम से तत्काल अतिक्रमण हटाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो पार्क की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था पर और गंभीर असर पड़ सकता है। फिलहाल यह मामला प्रशासनिक कार्रवाई और जांच पर टिका हुआ है जबकि स्थानीय लोग जल्द समाधान की उम्मीद लगाए हुए हैं।

इन्हें भी पढ़ें.