ताज़ा-ख़बर

वार्ड 17 में पार्षद नीतू शर्मा की मुहिम रंग लाई, विरोध और पहल के बाद जेसीबी से शुरू हुई सफाई

रिपोर्ट: MANISH 2 घंटे पहलेझारखण्ड

झाड़ू से शुरू हुआ आंदोलन बना समाधान का रास्ता, महापौर से मुलाकात के बाद हरिओम नगर में दिखा असर

वार्ड 17 में पार्षद नीतू शर्मा की मुहिम रंग लाई, विरोध और पहल के बाद जेसीबी से शुरू हुई सफाई

आदित्यपुर : नगर निगम के वार्ड 17 में गंदगी और मूलभूत समस्याओं को लेकर शुरू हुआ विरोध अब सकारात्मक परिणाम देने लगा है। पार्षद नीतू शर्मा के लगातार प्रयास, विरोध प्रदर्शन और प्रशासनिक पहल का असर शनिवार को साफ नजर आया जब हरिओम नगर - 1 क्षेत्र में जेसीबी लगाकर सफाई अभियान शुरू किया गया। दरअसल बुधवार को चैत्र नवरात्र के दौरान वार्ड में व्याप्त गंदगी से नाराज पार्षद नीतू शर्मा खुद झाड़ू लेकर सड़कों पर उतर गई थीं। उन्होंने नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया था कि सफाई कर्मियों की भारी कमी के कारण पूरे वार्ड की स्थिति बदहाल हो गई है। कागजों में पर्याप्त कर्मी दिखाए जाते हैं लेकिन जमीन पर गंदगी, बजबजाती नालियां और कचरे के ढेर लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। इसके बाद गुरुवार को नीतू शर्मा ने महापौर संजय सरदार और उपमहापौर अंकुर सिंह से मुलाकात कर वार्ड 17 की समस्याओं को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। उन्होंने स्ट्रीट लाइट मरम्मत, नियमित फॉगिंग, सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ाने और लंबित विकास योजनाओं को जल्द शुरू करने की मांग की। साथ ही हरिओम नगर रोड नंबर 4 में बने नाले की गुणवत्ता की जांच कराने का मुद्दा भी उठाया। महापौर और उपमहापौर ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया था। इन लगातार प्रयासों और जनदबाव का असर शनिवार को देखने को मिला जब नगर निगम द्वारा हरिओम नगर 1 में जेसीबी मशीन के माध्यम से बड़े पैमाने पर सफाई कार्य शुरू कराया गया। नालियों की सफाई और कचरे के ढेर हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिलनी शुरू हो गई है। पार्षद नीतू शर्मा ने इस पहल के लिए प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है और वे तब तक प्रयास जारी रखेंगी जब तक पूरे वार्ड में स्थायी और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित नहीं हो जाती। स्थानीय लोगों ने भी उनकी सक्रियता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि अब वार्ड 17 में सफाई और विकास कार्यों में निरंतर सुधार देखने को मिलेगा।

इन्हें भी पढ़ें.