ताज़ा-ख़बर

PMGSY सड़क निर्माण में गड़बड़ी का आरोप, ग्रामीणों ने गुणवत्ता पर उठाए सवाल

रिपोर्ट: अकरम 3 घंटे पहलेझारखण्ड

2 करोड़ की सड़क पर घटिया काम का आरोप, जांच नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

PMGSY सड़क निर्माण में गड़बड़ी का आरोप, ग्रामीणों ने गुणवत्ता पर उठाए सवाल

बरवाडीह, लातेहार : बरवाडीह प्रखंड के कुचिला पंचायत सचिवालय से बरवागढ़ा स्कूल तक बन रही सड़क निर्माण कार्य में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग 2 करोड़ 5 लाख 22 हजार रुपये की लागत से बन रही इस सड़क की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में गहरा असंतोष है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में तय मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। कालीकरण के दौरान कम मात्रा में सामग्री का उपयोग किया जा रहा है जिससे सड़क की मजबूती प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी तरह कार्य जारी रहा तो सड़क जल्द ही टूट-फूट का शिकार हो जाएगी और आवागमन में गंभीर परेशानी उत्पन्न होगी। ग्रामीण नसीम अंसारी, अनवर अंसारी, बिरेंद्र राम, सुरेश राम और अनिल सिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि यह सड़क क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे कई गांवों का मुख्य मार्ग से संपर्क जुड़ता है। ऐसे में घटिया निर्माण कार्य से लोगों की उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से निष्पक्ष जांच कराने और निर्माण कार्य में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों की मांग है कि निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, मानक के अनुसार सामग्री का उपयोग सुनिश्चित किया जाए, दोषी संवेदक एवं अधिकारियों पर कार्रवाई हो तथा सड़क निर्माण में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखी जाए। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

इन्हें भी पढ़ें.