आदित्यपुर में चोरी का प्रयास विफल, स्थानीय लोगों की सतर्कता से भागे चोर
कॉपर वायर काटकर फरार हुए चोर, बढ़ती घटनाओं से कॉलोनीवासियों में आक्रोश

आदित्यपुर : थाना क्षेत्र के रोड नंबर 17 एवं 18 में शनिवार देर रात चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता और तत्परता के कारण चोर अपने मंसूबों में पूरी तरह सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार रात करीब 2 बजे दो चोरों ने रोड नंबर 18 स्थित एक घर में सेंधमारी का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने बिजली पोल से घर को जोड़ने वाले कीमती कॉपर वायर को काटकर चोरी कर लिया। जैसे ही घरवालों को आहट मिली उन्होंने शोर मचाया जिसके बाद आसपास के लोग भी जुट गए और चोर मौके से भाग निकले। स्थानीय लोगों ने बताया कि रोड नंबर 17 में भी हाल ही में एक साइकिल चोरी की घटना हो चुकी है जिससे इलाके में डर और आक्रोश का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वार्ड 19 के पार्षद प्रत्याशी संजय कुमार शर्मा उर्फ बबुआ ने क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि चोरों की सक्रियता पुलिस के लिए चुनौती बनती जा रही है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।