कामगारों ने अरविंद सिंह और अंकुर सिंह को दी बधाई, मजदूर समस्याओं को लेकर उठी आवाज
ग्रेड रिवीजन, शोषण और बाल श्रम के मुद्दे पर यूनियन का आक्रोश, समाधान की मांग तेज

गम्हरिया : घोड़ा बाबा मंदिर के सामने स्थित आर.डी. रबर रिक्लेम लिमिटेड कंपनी के कामगारों ने इचागढ़ के पूर्व विधायक सह कोल्हान मजदूर यूनियन के अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह (मलखान सिंह) के आवास पर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान आदित्यपुर नगर निगम के नवनिर्वाचित उप-महापौर अंकुर सिंह को भी पुष्पगुच्छ, माला एवं अंगवस्त्र देकर बधाई दी गई। कार्यक्रम में यूनियन के महासचिव अजय शर्मा, कार्यकारी बसंत कुमार, कांग्रेस के प्रखंड उपाध्यक्ष इंद्रकांत झा सहित कई पदाधिकारी और श्रमिक उपस्थित रहे। सम्मान समारोह के बाद मजदूरों और यूनियन के बीच विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई। मजदूरों ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से ग्रेड रिवीजन नहीं हुआ है जिससे वे आर्थिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं। इसके अलावा कंपनी में श्रमिकों के साथ शोषण, उत्पीड़न और दुर्व्यवहार के आरोप भी लगाए गए। मजदूरों ने यह भी कहा कि बाल श्रम (14 वर्ष से कम) और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समय पर ग्रेच्युटी नहीं मिलने जैसी गंभीर समस्याएं बनी हुई हैं। यूनियन ने इन मुद्दों के समाधान के लिए जल्द कार्रवाई की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।