बच्चों के डबल मर्डर के पीड़ित परिवार से मिली अंबा प्रसाद, न्याय का दिया भरोसा
परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिलवाना सुनिश्चित कराया जाएगा : अंबा प्रसाद

हजारीबाग : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय सचिव एवं बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने विगत दिनों हजारीबाग के सिंदूर में हुए चर्चित डबल मर्डर कांड के पीड़ित परिवार से हजारीबाग कुद स्थित निवास स्थान पर मंगलवार को मुलाकात की। उन्होंने परिजनों से मिलकर घटना पर गहरा दुःख जताया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पीड़ित परिवार इस दुख की घड़ी में अकेला नहीं है। दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।
अंबा प्रसाद ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से फोन पर बात कर मामले में त्वरित कार्रवाई और निष्पक्ष जांच तथा आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिले, इसके लिए वे हर स्तर पर आवाज उठाएंगी।अंबा प्रसाद ने आगे कहा कि पीड़ित परिवार यूपी के फैजाबाद का रहने वाला है, हमारे झारखंड राज्य से भी कई मजदूर दूसरे प्रदेश में जीविकोपार्जन हेतु काम करने जाते हैं।
ऐसी स्थिति में हमारी यह जिम्मेदारी बनती है कि सभी लोग का सुरक्षा सुनिश्चित हो। छोटे-छोटे बच्चे जिसमें नाबालिक बच्ची तमन्ना एवं उसका छोटा भाई जो खिलौने एवं गुब्बारे बेचकर अपना घर चला रहे थे उनकी इस प्रकार के निर्मम हत्या पर पूरा हजारीबाग इस घटना की निंदा कर रही हैं।विदित हो कि हजारीबाग में विगत दिनों दो बच्चों की हत्या का मामला सामने आया था। घटना के बाद से इलाके में तनाव व गुस्से का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।मुलाकात के दौरान पूर्व विधायक ने परिजनों को आर्थिक और कानूनी मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार से पीड़ित परिवार को मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिलवाना सुनिश्चित कराया जाएगा।