समाधान भवन में अंबा प्रसाद का जनता दरबार, ग्रामीणों की सुनीं समस्याएं
बिजली और पेयजल संकट पर अधिकारियों को दिए निर्देश, हर सोमवार लगेगा जनता दरबार

बड़कागांव : कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने सोमवार को बड़कागांव स्थित समाधान भवन में जनता दरबार लगाकर क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विशेश्वर नाथ चौबे के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जनता दरबार के दौरान लोगों ने बिजली, पेयजल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं पूर्व विधायक के समक्ष रखीं। कई मामलों में अंबा प्रसाद ने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर त्वरित समाधान का प्रयास किया। इस दौरान पंदनवा टांड़ के ग्रामीणों ने गांव में आजादी के बाद से अब तक बिजली नहीं पहुंचने की समस्या उठाई। ग्रामीणों ने जल्द बिजली व्यवस्था बहाल कराने की मांग की। इस पर अंबा प्रसाद ने कहा कि क्षेत्र में बिजली और पेयजल दो बड़ी समस्याएं हैं जिनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बड़कागांव के बरवाडीह में बिजली ग्रिड निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है जिससे आने वाले समय में क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में सुधार होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि उनके विधायक कार्यकाल में लगाए गए कई जलमीनार वर्तमान में खराब पड़े हैं जिन्हें जल्द दुरुस्त कराने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों से बात की जाएगी ताकि लोगों को पेयजल संकट से राहत मिल सके। पूर्व विधायक ने घोषणा की कि अब समाधान भवन में प्रत्येक मंगलवार के बजाय हर सोमवार को नियमित रूप से जनता दरबार लगाया जाएगा ताकि लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके। कार्यक्रम में पूर्व प्रखंड अध्यक्ष विशेश्वर नाथ चौबे, सुरेश चौधरी, श्याम कुमार भार्गव, धर्मनाथ महतो, आनंद मेहता, बबलू कुमार, त्रिलोकी साव, छोटे खान, शमशेर आलम समेत कई कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।
बड़कागांव से अजय कुमार की रिपोर्ट