अवैध बालू उत्खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, अवैध बालू लदे चार ट्रैक्टर जब्त
तिरुलडीह थाना क्षेत्र में छापेमारी से मचा हड़कंप, बालू संकट से लोग परेशान

ईचागढ़ : कुकडु प्रखंड अंतर्गत तिरुलडीह थाना क्षेत्र में अवैध बालू उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार बालू लदे ट्रैक्टर जब्त किए हैं। कुकडु अंचल प्रशासन और तिरुलडीह पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए छापेमारी अभियान के बाद अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार ने बताया कि सपादा क्षेत्र में छापेमारी के दौरान चार ट्रैक्टरों को अवैध रूप से बालू परिवहन करते पकड़ा गया। सभी जब्त ट्रैक्टरों को थाना लाकर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन पर रोक लगाने की कोशिश तेज हो गई है। हालांकि दूसरी ओर स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैक्टरों के माध्यम से ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में बालू की आपूर्ति होती थी जिससे निजी मकान निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना, आबुआ आवास योजना और अन्य सरकारी योजनाओं का कार्य संचालित हो रहा था। ग्रामीणों ने कहा कि लगातार कार्रवाई के कारण क्षेत्र में बालू की कमी उत्पन्न हो गई है जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। लोगों ने सरकार और संबंधित विभाग से वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि जरूरतमंद लोगों को निर्धारित नियमों के तहत बालू उपलब्ध कराया जा सके। फिलहाल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।