सरायकेला-खरसावां में आदिवासी और पीवीटीजी समुदाय के लिए विशेष जागरूकता अभियान शुरू
18 से 25 मई तक लगेंगे बेनेफिशियरी सैचुरेशन कैंप, योजनाओं से जोड़े जाएंगे पात्र लाभुक

सरायकेला-खरसावां : जिले में आदिवासी एवं विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) समुदायों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से 18 मई से 25 मई 2026 तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न गांवों में बेनेफिशियरी सैचुरेशन कैंप आयोजित कर पात्र लाभुकों को केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार से प्राप्त निर्देशों के आलोक में समेकित जनजाति विकास अभिकरण (आईटीडीए) द्वारा इस अभियान की तैयारी की गई है। अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाकर लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाएगी। शिविरों में आधार कार्ड, राशन कार्ड, पेंशन, छात्रवृत्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, सामाजिक सुरक्षा, बैंकिंग और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही पात्र लाभुकों का ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण, आवेदन प्राप्ति तथा आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जाएगा, ताकि लोगों को योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिलेवासियों, विशेषकर आदिवासी और पीवीटीजी समुदाय के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में भाग लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उन्हें सरकारी सुविधाओं से संतृप्त करना है। उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने और शिविरों के सफल संचालन के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा योग्य लाभुकों को प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा दूरस्थ और जनजातीय बहुल गांवों में व्यापक प्रचार-प्रसार, शिविर स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं और आवेदन प्रक्रिया में लाभुकों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन को उम्मीद है कि इस अभियान से बड़ी संख्या में आदिवासी एवं पीवीटीजी परिवार सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हो सकेंगे।