महंगाई की मार के बीच घोड़े पर जनगणना करने निकले शिक्षक, वीडियो हुआ वायरल
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर अनोखा विरोध, सहायक अध्यापक बोले- घोड़े की सवारी पड़ रही किफायती

गिरिडीह : पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब आम लोगों के साथ-साथ सरकारी कार्यों पर भी दिखाई देने लगा है। इसी बीच गिरिडीह जिले से एक अनोखी तस्वीर सामने आई है जहां एक सहायक अध्यापक बाइक या कार छोड़ घोड़े पर सवार होकर जनगणना कार्य के लिए निकल पड़े। शिक्षक का यह अलग अंदाज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे महंगाई पर व्यंग्य के साथ देसी समाधान के रूप में देख रहे हैं। जानकारी के अनुसार मुन्ना प्रसाद गुप्ता राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय टाटीदिरी में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। भारत सरकार द्वारा उन्हें 16 मई से मकान सूचीकरण एवं जनगणना कार्य में लगाया गया है। उनका कार्यक्षेत्र राजकीय प्राथमिक विद्यालय पनघटवा क्षेत्र निर्धारित किया गया है जहां वे घोड़े पर सवार होकर पहुंचे। मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने बताया कि पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में घोड़े की सवारी अधिक किफायती और सुविधाजनक महसूस हो रही है। शिक्षक ने हंसते हुए कहा कि जब ईंधन के दाम आसमान छू रहे हैं तब घोड़ा ही बेहतर विकल्प नजर आया। शिक्षक के इस अनोखे अंदाज को देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ जुट गई। कई लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया जिसके बाद यह तेजी से वायरल होने लगा। सोशल मीडिया यूजर्स शिक्षक की सादगी, देसी सोच और महंगाई के खिलाफ उनके प्रतीकात्मक संदेश की जमकर सराहना कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की परेशानी बढ़ा दी है और अब लोग पारंपरिक साधनों की ओर लौटने को मजबूर हो रहे हैं। वहीं, शिक्षक का यह अंदाज चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे “महंगाई के दौर में देसी जुगाड़” का नाम दे रहे हैं।