बड़कागांव में मवेशी तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 21 गौवंशीय पशु जप्त
चोरी कर हजारीबाग ले जाकर बिक्री की थी तैयारी, चार आरोपियों पर मामला दर्ज

हजारीबाग : बड़कागांव थाना पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 गौवंशीय पशुओं को जप्त किया है। मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध मवेशी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार बड़कागांव थाना क्षेत्र के ऊपर पहाड़ी रास्ते से कुछ लोग मवेशियों को ले जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली कि आसपास के गांवों से गौवंशीय पशुओं की चोरी कर उन्हें हजारीबाग ले जाकर बेचने की योजना बनाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर मवेशी कारोबारी मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने सभी मवेशियों को सुरक्षित जप्त कर लिया। थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि जप्त पशुओं में 10 सफेद बाछी, 4 भूरी बाछी, 2 काली गाय, 1 काली बाछी, 1 भूरा बैल, 2 भूरी गाय और 1 सफेद गाय शामिल हैं। कुल 21 मवेशियों को सुरक्षित रखकर स्थानीय प्रबुद्ध लोगों की निगरानी में किसानों के बीच पालन-पोषण के लिए सौंप दिया गया है। इस मामले में बड़कागांव थाना कांड संख्या 84/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 317(5), 3(5), 12(1), 12(2) एवं 303(2) के तहत चार लोगों को आरोपी बनाया है। आरोपियों में सिरमा गांव निवासी सैफी, अलगडीहा निवासी हफीजुल, मोहम्मद आशिफ और दिलदार शामिल हैं। थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने कहा कि गौवंशीय पशुओं की चोरी और अवैध कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है तथा पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
बड़कागांव से अजय कुमार की रिपोर्ट