ताज़ा-ख़बर

इसरी बाजार में नकली सिलाई मशीन कारोबार का खुलासा, पुलिस ने आठ मशीनें कीं जब्त

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेझारखण्ड

‘ईके नूर’ नाम से बेची जा रही थी नकली मशीनें, वर्णवाल हार्डवेयर संचालक पर मामला दर्ज

इसरी बाजार में नकली सिलाई मशीन कारोबार का खुलासा, पुलिस ने आठ मशीनें कीं जब्त

डुमरी : निमियाघाट थाना पुलिस ने इसरी बाजार में ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली सिलाई मशीन बेचने के कारोबार का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी कर “ईके नूर” नाम से बेची जा रही आठ सिलाई मशीनें बरामद की हैं। मामले में दुकान संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार नूर एंड संस सिलाई मशीन निर्माण कंपनी के फील्ड अधिकारी मिहिर मंडल ने निमियाघाट थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि इसरी बाजार स्थित वर्णवाल हार्डवेयर का संचालक नवीन कुमार कंपनी के नाम से मिलती-जुलती नकली सिलाई मशीन बेचने और सप्लाई करने का काम कर रहा है। आरोप है कि सस्ते और घटिया उत्पादों की बिक्री कर कंपनी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया जा रहा था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने 13 मई 2026 को त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकान में छापेमारी की। जांच के दौरान दुकान से “ईके नूर” नाम अंकित आठ सिलाई मशीनें बरामद की गईं। पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज मांगे जाने पर संचालक कोई संतोषजनक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। कंपनी प्रतिनिधि ने आरोप लगाया कि ग्राहकों को भ्रमित करने के उद्देश्य से “नूर” ब्रांड की जगह “ईके नूर” नाम का उपयोग किया जा रहा था। कंपनी ने बरामद मशीनों को नकली बताते हुए ट्रेडमार्क और कॉपीराइट उल्लंघन का मामला बताया है। पुलिस ने इस संबंध में निमियाघाट थाना कांड संख्या 50/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसरी बाजार में नकली मसाले, पैक्ड खाद्य सामग्री और अन्य उत्पादों का कारोबार लंबे समय से चल रहा है। ऐसे में पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों में उम्मीद जगी है। ग्रामीणों और व्यापारियों ने प्रशासन से बाजार में लगातार छापेमारी अभियान चलाने तथा नकली सामान बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

इन्हें भी पढ़ें.