ताज़ा-ख़बर

झुमरी तिलैया के अमित कुमार सिन्हा का निधन, बेटियों ने दी मुखाग्नि; भावुक माहौल में हुई अंतिम विदाई

रिपोर्ट: Manish Sinha9 घंटे पहलेझारखण्ड

इस दौरान उनकी दोनों बेटियों ने समाज के सामने एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने पिता को मुखाग्नि दी।

झुमरी तिलैया के अमित कुमार सिन्हा का निधन, बेटियों ने दी मुखाग्नि; भावुक माहौल में हुई अंतिम विदाई

कोडरमा(झुमरी तिलैया) : झुमरी तिलैया के विद्यापुरी मोहल्ला निवासी अमित कुमार सिन्हा के निधन से शहर में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही परिजन, रिश्तेदार, मित्र और शुभचिंतक उनके आवास पर जुटने लगे। वे विद्यापुरी निवासी चंद्रभानु प्रसाद के पुत्र तथा चौपारण के पत्रकार मनीष सिन्हा के बहनोई थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शनिवार को पूरे वैदिक रीति-रिवाज और धार्मिक विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।

इस दौरान उनकी दोनों बेटियों ने समाज के सामने एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने पिता को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के समय घाट पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। बेटियों ने पूरे साहस और आत्मबल के साथ अपने पिता के प्रति अंतिम कर्तव्य का निर्वहन किया। उपस्थित लोगों ने इसे बदलते सामाजिक परिवेश में बेटियों की जिम्मेदारी और समान अधिकार का सशक्त संदेश बताया।

अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में परिजन, रिश्तेदार, मित्र, पड़ोसी एवं विभिन्न सामाजिक और व्यावसायिक क्षेत्रों से जुड़े लोग शामिल हुए। सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। बताया जाता है कि अमित कुमार सिन्हा अपने व्यवहार, सादगी और मिलनसार स्वभाव के कारण समाज में सम्मानित थे। वे अपने पीछे पत्नी, दोनों बेटियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि उन्हें जानने वाले लोगों में भी गहरा शोक व्याप्त है। अंतिम संस्कार के दौरान माहौल पूरी तरह गमगीन रहा और हर किसी की जुबान पर दिवंगत के व्यक्तित्व और उनके व्यवहार की चर्चा होती रही। परिवार ने सभी शुभचिंतकों के प्रति संवेदना और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

इन्हें भी पढ़ें.