पलामू में खुला ‘प्रकाश आई केयर’, आधुनिक नेत्र चिकित्सा सुविधाएं अब एक ही छत के नीचे
पलामू एवं आसपास के लोगों को नेत्र संबंधी रोगों के इलाज के लिए बेहतर विशेषज्ञ परामर्श मिलने की उम्मीद है।

मेदिनीनगर : पलामू शहर में नेत्र रोगियों को बेहतर एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में सोमवार को ‘प्रकाश आई केयर’ का शुभारंभ किया गया। कृष्णा जी कॉम्पलेक्स, चंद्रा रेसिडेंसी, बाजार समिति के समीप, बैरिया स्थित केंद्र के उद्घाटन के अवसर पर शहर के चिकित्सक, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
प्रकाश आई केयर का संचालन डॉ. प्रकाश परिमल द्वारा किया जा रहा है। डॉ. परिमल ने MBBS, DOMS, DNB एवं FMRF की शैक्षणिक योग्यता प्राप्त की है। वे पूर्व में शंकर नेत्रालय, चेन्नई एवं कोलकाता में नेत्र रोग विशेषज्ञ के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके अनुभव से पलामू एवं आसपास के लोगों को नेत्र संबंधी रोगों के इलाज के लिए बेहतर विशेषज्ञ परामर्श मिलने की उम्मीद है। एसडीएम संजय पांडेय ने फीता काटकर चिकित्सा केंद्र का उद्घाटन किया।
उद्घाटन कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विमला कुमारी, मारकंडे चौबे, डॉ. अरुण शुक्ला, नंदलाल सिंह, रूचित तिवारी, प्रेम भसीन, पूर्व सैनिक बृजेश शुक्ला, दीनानाथ तिवारी, शिवनाथ चौबे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने नए नेत्र चिकित्सा केंद्र के शुभारंभ पर डॉ. प्रकाश परिमल को बधाई दी और क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि पलामू जैसे क्षेत्र में विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सा सेवाओं का विस्तार मरीजों के लिए महत्वपूर्ण है। स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को आंखों से संबंधित जांच एवं उपचार के लिए दूसरे बड़े शहरों का रुख करने की आवश्यकता कम होगी। डॉ. प्रकाश परिमल ने कहा कि प्रकाश आई केयर का उद्देश्य पलामू और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर, विश्वसनीय एवं विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। केंद्र में मरीजों की जरूरत के अनुसार नेत्र संबंधी जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। उद्घाटन समारोह में मौजूद लोगों ने उम्मीद जताई कि प्रकाश आई केयर के माध्यम से पलामू में नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में नई सुविधाओं का विस्तार होगा और आम लोगों को इसका लाभ मिलेगा।