ताज़ा-ख़बर

अनुभव, युवा जोश और सामाजिक संतुलन से सजी भाजपा की नई टीम

रिपोर्ट: VBN News Desk9 घंटे पहलेझारखण्ड

23 राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों को प्रतिनिधित्व, महिला, आदिवासी और पूर्वोत्तर क्षेत्र पर विशेष जोर

अनुभव, युवा जोश और सामाजिक संतुलन से सजी भाजपा की नई टीम

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा की। करीब 65 सदस्यों वाली टीम में संगठनात्मक अनुभव के साथ युवा ऊर्जा, क्षेत्रीय विविधता और सामाजिक समावेश का संतुलन साधने की कोशिश की गई है। नई टीम में देश के 23 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को प्रतिनिधित्व मिला है।

भाजपा ने महिला और पूर्वोत्तर क्षेत्र के प्रतिनिधित्व को भी विशेष महत्व दिया है। त्रिपुरा, असम और नागालैंड के नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी दी गई है। नॉर्थ-ईस्ट कोऑर्डिनेशन सेल को भी जारी रखा गया है, जिसकी जिम्मेदारी डॉ. संबित पात्रा संभालेंगे। पूर्वोत्तर से युवा नेता मृगांक बर्मन को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है।

उत्तर प्रदेश को भी राष्ट्रीय टीम में पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिला है। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य के आठ नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। रेखा वर्मा और प्रो. तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। डॉ. भोला सिंह और संगीता यादव को राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। अमर पाल मौर्या को ओबीसी मोर्चा और कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है।

सामाजिक प्रतिनिधित्व पर जोर

नई टीम में विभिन्न सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देने पर भी जोर दिया गया है। पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर क्षेत्र से चार आदिवासी प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है, जिनमें दो महिलाएं हैं। उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और मध्य प्रदेश से तीन अनुसूचित जाति प्रतिनिधियों को भी राष्ट्रीय संगठन में जगह मिली है।

पार्टी ने राष्ट्रीय संगठन में 10 अनुभवी महिला नेताओं को शामिल किया है। इसे वरिष्ठ संगठनात्मक जिम्मेदारियों में महिला भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। धार्मिक विविधता को भी स्थान देते हुए टीम में एक सिख, दो ईसाई, एक मुस्लिम, एक जैन और एक पारसी सदस्य को शामिल किया गया है।

अनुभवी नेताओं पर भी भरोसा

नई टीम में राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव को भी प्राथमिकता दी गई है। तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों—वसुंधरा राजे, तीरथ सिंह रावत और बिप्लब कुमार देब—को राष्ट्रीय संगठन में शामिल किया गया है। पूर्व संगठन मंत्री सुनील बंसल को फिर संगठन मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि राम माधव की राष्ट्रीय टीम में वापसी हुई है और उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।

कई पूर्व प्रदेश अध्यक्षों को भी राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी दी गई है। केंद्र सरकार में काम करने का अनुभव रखने वाले चार नेताओं के साथ एक मौजूदा केंद्रीय मंत्री को भी टीम में जगह मिली है। लोकसभा और राज्यसभा से जुड़े 18 सक्रिय जनप्रतिनिधियों को शामिल कर विधायी अनुभव को भी राष्ट्रीय संगठन से जोड़ा गया है।

आंध्र प्रदेश से डी. पुरंदेश्वरी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और तमिलनाडु के मा. व्यंकटेशन को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है।

विशेषज्ञता को भी मिला स्थान

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में राजनीतिक अनुभव के साथ पेशेवर और शैक्षणिक विशेषज्ञता को भी महत्व दिया गया है। टीम में प्रोफेसर, पीएचडी धारक, डॉक्टर, इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट और अधिवक्ता जैसे पेशेवर शामिल हैं।

कैंसर विशेषज्ञ डॉ. मधुचंद्रा कर और कर्नाटक के प्रोफेसर एम. नागराज को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। जेएनयू में एबीवीपी से जुड़े रहे और वर्तमान में दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रोफेसर डॉ. स्वदेश सिंह को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। दिल्ली के पूर्व नगर निगम मेयर जय प्रकाश को भी राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। डीडीए के पूर्व सदस्य राजीव बब्बर को नॉर्थ-ईस्ट सह-संयोजक बनाया गया है। आम आदमी पार्टी से भाजपा में आए संदीप पाठक को भी राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है।

कुल मिलाकर भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में अनुभव और युवा ऊर्जा के साथ क्षेत्रीय, सामाजिक, महिला तथा धार्मिक प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाने की कोशिश दिखाई देती है। पार्टी का मानना है कि इससे राष्ट्रीय संगठन को देश के अलग-अलग क्षेत्रों और सामाजिक समूहों की परिस्थितियों को बेहतर ढंग से समझकर संगठनात्मक गतिविधियां संचालित करने में मदद मिलेगी।

इन्हें भी पढ़ें.