चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार की अगुवाई में बड़ी कार्रवाई, दो साल से फरार आरोपी गिरफ्तार
चौका कांड के प्राथमिक अभियुक्त पोदो सरदार उर्फ लंगड़ा पर कई मामले दर्ज, नाम-पता बदलकर रह रहा था आरोपी

चौका : सरायकेला-खरसावां पुलिस ने चौका थाना कांड संख्या 66/24 में करीब दो साल से फरार चल रहे प्राथमिक अभियुक्त पोदों सरदार उर्फ पोदो भूमिज उर्फ लंगड़ा उर्फ पाड़ो सरदार को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार के नेतृत्व में गठित छापामारी दल ने की। आरोपी को 18 अगस्त 2026 को आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शिशुनारायणपुर स्थित रसना टोला से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार चौका थाना कांड संख्या 66/24, दिनांक 6 दिसंबर 2024, धारा 310(2) बीएनएस के तहत दर्ज मामले में पोदो सरदार समेत सात आरोपियों के खिलाफ डकैती का आरोप है। मामले में अन्य छह प्राथमिक आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है जबकि पोदो सरदार करीब दो वर्षों से फरार था। पुलिस जांच में आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ चौका थाना में वर्ष 2014, 2024 तथा अन्य मामलों के अलावा कांड संख्या 66/24 दर्ज है। इसके अतिरिक्त कांड संख्या 24/2015 तथा खरसावां थाना कांड संख्या 51/2012 का भी उल्लेख पुलिस ने किया है। छापामारी के दौरान आरोपी के साथ गंधाधर सिंह मुंडा को भी पकड़ा गया जिसे बाद में अड़की थाना कांड से संबंधित कार्रवाई के लिए अड़की पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए नाम-पता में बदलाव कर रहा था। छापामारी दल में चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार, एसआई प्रकाश कुमार, सरायकेला थाना से एसआई अरुण कुमार, आदित्यपुर थाना से एसआई शिवशंकर सिंह, चौका थाना के एसआई अँजेश कुमार राय और दिलेश्वर कुमार समेत पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।