एसपी के निर्देश पर सीनी ओपी क्षेत्र में चला एंटी क्राइम चेकिंग अभियान
अवैध हथियार, ड्रग्स और चोरी के वाहनों पर पुलिस की कड़ी नजर

सीनी : सरायकेला-खरसावां जिले में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर सीनी ओपी क्षेत्र में विशेष एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न मार्गों और संदिग्ध स्थानों पर वाहनों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की। पुलिस द्वारा विशेष रूप से अवैध हथियारों की आवाजाही, मादक पदार्थों की तस्करी, गांजा की खरीद-बिक्री एवं परिवहन, चोरी के वाहनों के उपयोग और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखी गई। चेकिंग के दौरान दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई। सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध हथियार, नशीले पदार्थ, गांजा, चोरी के वाहन और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि ऐसे विशेष जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। पुलिस का उद्देश्य अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। ओपी प्रभारी विनय कुमार ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से ही अपराध और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई संभव है।