आद्रा मंडल में रोलिंग ब्लॉक का असर, टाटानगर-आसनसोल समेत कई ट्रेनें रद्द व शॉर्ट टर्मिनेट
31 अगस्त से 6 सितंबर तक रेल यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी, टाटानगर से जुड़ी कई ट्रेन सेवाओं में बड़ा बदलाव

जमशेदपुर : आद्रा मंडल में 31 अगस्त से 6 सितंबर 2026 तक चलने वाले संयुक्त इंजीनियरिंग, ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन (टीआरडी) और सिग्नल एंड टेलीकम्युनिकेशन (एस एंड टी) रोलिंग ब्लॉक कार्यक्रम का असर टाटानगर से आने-जाने वाली कई ट्रेनों के परिचालन पर पड़ेगा। रेलवे की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस अवधि में कई ट्रेनों को रद्द किया गया है जबकि कुछ ट्रेनों का परिचालन निर्धारित गंतव्य से पहले समाप्त कर वहीं से शुरू किया जाएगा। दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय ने इन बदलावों को मंजूरी दे दी है। टाटानगर से संबंधित प्रमुख बदलावों में 68056 टाटानगर-आसनसोल मेमू शामिल है। यह ट्रेन 4 और 6 सितंबर को केवल आद्रा तक चलेगी। इन दोनों दिनों आद्रा से आसनसोल के बीच इसका परिचालन रद्द रहेगा। वहीं 68055/68056 आसनसोल-टाटानगर-आसनसोल मेमू का परिचालन 31 अगस्त, 3 सितंबर और 5 सितंबर को आद्रा तक ही सीमित रहेगा। इन तिथियों में आद्रा-टाटानगर-आद्रा के बीच ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं होगी जिससे इस रूट के दैनिक यात्रियों को परेशानी हो सकती है। रोलिंग ब्लॉक का असर 18035/18036 खड़गपुर-हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस पर भी पड़ेगा। यह ट्रेन 2, 5 और 6 सितंबर को आद्रा स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट होगी। इन दिनों आद्रा-हटिया-आद्रा के बीच ट्रेन सेवा रद्द रहेगी। इसके अलावा 18116/18115 चक्रधरपुर-गोमो-चक्रधरपुर मेमू का परिचालन 1, 4 और 6 सितंबर को महुदा स्टेशन तक ही सीमित रहेगा। इन तिथियों में महुदा-गोमो-महुदा के बीच ट्रेन नहीं चलेगी। रेलवे ने 68046/68045 आसनसोल-आद्रा-आसनसोल मेमू को 31 अगस्त तथा 2 से 6 सितंबर तक रद्द किया है। इसी तरह 68090/68089 आद्रा-मिदनापुर-आद्रा मेमू 1, 4 और 6 सितंबर को तथा 68077/68078 आद्रा-विष्णुपुर-आद्रा मेमू 6 सितंबर को रद्द रहेगी। 63594/63593 आसनसोल-पुरुलिया-आसनसोल मेमू भी 31 अगस्त, 3, 4 और 6 सितंबर को रद्द रहेगी। वहीं 1, 2 और 5 सितंबर को यह ट्रेन आद्रा से शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट होगी, जिससे आद्रा-पुरुलिया-आद्रा के बीच सेवा प्रभावित रहेगी। रेलवे ने बताया कि आद्रा मंडल में आधारभूत संरचना से जुड़े आवश्यक कार्यों को पूरा करने के लिए रोलिंग ब्लॉक लिया जा रहा है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी संबंधित ट्रेन की ताजा परिचालन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।